घुटने में द्रव जमा होना या घुटनों में पानी भरने को "नी इफ्यूजन” (Knee Effusion) भी कहा जाता है। इसमें घुटने में अतिरिक्त तरल पदार्थ भर जाने से हड्डियों के आसपास सूजन होने लगती है। इसकी वजह से घुटने को मोड़ना या सीधा करना मुश्किल हो सकता है। व्यक्ति को चलने-फिरने में भी परेशानी होने लगती है। नी इफ्यूजन के कई कारण हो सकते है जैसे कोई चोट या हड्डी से जुड़ी कोई बीमारी। इसके कारणों को विस्तार में जानने से पहले आइए जानते हैं कि घुटनों में पानी भरने पर व्यक्ति को कौन-कौन से लक्षण दिखाई दे सकते हैं। विशिष्ट लक्षणों में शामिल हैं:
- घुटने की सूजन
- घुटने के दर्द
- घुटने में अकड़न
कुछ लक्षण ऐसे भी हैं जिनमें तत्काल डॉक्टरी सलाह लेने की आवश्यकता पड़ सकती है। जिनमें शामिल हैं:
- जोड़ पर वजन डालने में असमर्थता
- पैरों में सुन्नता महसूस होना
- बुखार
अब आइए जानते हैं कि ऐसी कौन सी स्वास्थ्य संबंधी स्थितियां हैं जिसमें घुटनों में पानी भरने की समस्या पैदा हो सकती है:
ऑस्टियोआर्थराइटिस: उम्र बढ़ने के साथ व्यक्ति में ऑस्टियोआर्थराइटिस होने का खतरा बढ़ता जाता है। इसके साथ ही व्यक्ति में अंदरूनी घुटनों में पानी भरने की समस्या भी पैदा हो सकती है। जिसकी वजह से घुटने में सूजन होने की संभावना भी बढ़ जाती है। इसमें व्यक्ति को सुबह के समय घुटने में काफी दर्द और अकड़न महसूस होती है।
रूमेटाइड आर्थराइटिस: रूमेटाइड गठिया किसी भी उम्र में शुरू हो सकता है लेकिन उम्र के साथ इसके होने की संभावना बढ़ जाती है। इसमें व्यक्ति के जोड़ों में दर्द और सूजन महसूस होती है। साथ ही, घुटना छूने पर जोड़ गर्म महसूस हो सकता है। यह घुटनों में पानी भरने का संकेत हो सकता है।
चोट लगने के कारण: अक्सर खेल-कूद के समय या भारी शारीरिक गतिविधि करते समय चोट लग जाती है। कई बार इन चोटों की वजह से घुटने में फ्लूइड भरने लगता है, जिसका जल्दी पता नहीं चल पाता है। अगर चोट गंभीर है, तो घुटने पर वजन डालने से तकलीफ महसूस हो सकती है। चोट लगने के बाद जब किसी व्यक्ति को झुकने या चलने में परेशानी हो तो उसे डॉक्टरी सलाह जरूर लेनी चाहिए। ऐसा इसलिए क्योंकि यह स्थिति घुटनों में पानी भरने के कारण हो सकती है।
इंफेक्शन: कई बार किसी तरह के इंफेक्शन की वजह से भी घुटने में पानी भर सकता है। ऐसे स्थिति में व्यक्ति को घुटना छूने पर गर्म महसूस हो सकता है। साथ ही उसे बुखार भी हो सकता है। ये
घुटनों में पानी भरने के लक्षण हो सकते हैं। इसलिए जब भी घुटने में ऐसी कोई समस्या हो तो तुरंत डॉक्टर को दिखाएं।
आम तौर पर ये 4 प्रमुख स्थितियां होती हैं जिनमें किसी व्यक्ति के घुटने में तरल पदार्थ यानी फ्लूइड भर सकता है। इसे नजरअंदाज करने से व्यक्ति की दिनचर्या प्रभावित हो सकती है। उसे दैनिक कार्यों को करने में कठिनाई हो सकती है। इसलिए जब भी आपको घुटनों में दर्द या ऊपर बताए गए लक्षण दिखें तो तुरंत डॉक्टर से सलाह लें।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें