बच्चों में गंभीर अस्थमा: क्या इनहेलर का उपयोग सुरक्षित है?
बच्चों में गंभीर अस्थमा एक खतरनाक बीमारी है। धीरे-धीरे ये बीमारी बच्चे को कितना ज्यादा नुकसान पहुँचा सकती है, इसका अंदाजा लगाना भी मुश्किल है। कमजोर रोग-प्रतिरोधक क्षमता के कारण बच्चे बहुत जल्दी अस्थमा की चपेट में आ रहे हैं। इसके अलावा मौसम में हो रहा बदलाव, धूल, मिट्टी एवं प्रदूषण का बढ़ता स्तर बच्चों को और भी ज्यादा बीमार बना रहा है। इसके कारण बच्चों के श्वसन नली में सूजन आ जाती है और उन्हें सांस लेने में तकलीफ होती है। इसीलिए बच्चों में गंभीर अस्थमा का इलाज जितना जल्दी हो उतना बेहतर है लेकिन कुछ माता-पिता इस इलाज की प्रक्रिया को लेकर थोड़े चिंतित रहते हैं। उनकी चिंता का मुख्य विषय यही रहता है - ‘क्या मेरे बच्चे के लिए इनहेलर का उपयोग सुरक्षित है?’ इसका जवाब जानने के लिए आपको कुछ बातों को समझने की आवश्यकता है। सबसे पहले जानें इनहेलर क्या है? अस्थमा से पीड़ित मरीजों के लिए इनहेलर एक बेहद महत्वपूर्ण उपकरण है। इनहेलर की मदद से ली गयी दवा सीधे फेफड़ों तक पहुँचती है और कुछ ही देर में मरीज को आराम मिल जाता है। इसका असर बहुत ही ज्यादा प्रभावी होता है और इसके दुष्प्रभाव काफी कम होते हैं। ...