बच्चों में गंभीर अस्थमा: क्या इनहेलर का उपयोग सुरक्षित है?
बच्चों में गंभीर अस्थमा एक खतरनाक बीमारी है। धीरे-धीरे ये बीमारी बच्चे को कितना ज्यादा नुकसान पहुँचा सकती है, इसका अंदाजा लगाना भी मुश्किल है। कमजोर रोग-प्रतिरोधक क्षमता के कारण बच्चे बहुत जल्दी अस्थमा की चपेट में आ रहे हैं। इसके अलावा मौसम में हो रहा बदलाव, धूल, मिट्टी एवं प्रदूषण का बढ़ता स्तर बच्चों को और भी ज्यादा बीमार बना रहा है। इसके कारण बच्चों के श्वसन नली में सूजन आ जाती है और उन्हें सांस लेने में तकलीफ होती है। इसीलिए बच्चों में गंभीर अस्थमा का इलाज जितना जल्दी हो उतना बेहतर है लेकिन कुछ माता-पिता इस इलाज की प्रक्रिया को लेकर थोड़े चिंतित रहते हैं। उनकी चिंता का मुख्य विषय यही रहता है - ‘क्या मेरे बच्चे के लिए इनहेलर का उपयोग सुरक्षित है?’ इसका जवाब जानने के लिए आपको कुछ बातों को समझने की आवश्यकता है।
सबसे पहले जानें इनहेलर क्या है?
अस्थमा से पीड़ित मरीजों के लिए इनहेलर एक बेहद महत्वपूर्ण उपकरण है। इनहेलर की मदद से ली गयी दवा सीधे फेफड़ों तक पहुँचती है और कुछ ही देर में मरीज को आराम मिल जाता है। इसका असर बहुत ही ज्यादा प्रभावी होता है और इसके दुष्प्रभाव काफी कम होते हैं।
बच्चों में गंभीर अस्थमा का इलाज
बच्चे की उम्र, बीमारी के लक्षण व अन्य कई बातों पर बच्चों में गंभीर अस्थमा का इलाज निर्भर करता है। कुछ मामलों में नेब्यूलाइजर, कुछ में इनहेलर तो कुछ में बच्चों को पंप देने की सलाह दी जाती है ताकि उनकी सांस की तकलीफ को तुरंत ठीक किया जा सके। जहाँ तक बात इनहेलर की है तो बच्चों को हमेशा डॉक्टर की सलाह पर ही इनहेलर दें।
बच्चों में गंभीर अस्थमा होने पर दिये जा सकते हैं ये इनहेलर
कुछ ऐसे इनहेलर्स हैं, जिनके इस्तेमाल से बच्चों में गंभीर अस्थमा के लक्षणों से लड़ने में मदद मिलती है।
रिलीवर इनहेलर: इसे ब्रोंकोडायलेटर्स भी कहा जता है। बच्चों के वायु मार्ग में जो संकुचन पैदा होता है, उससे आराम दिलाने में रिलीवर इनहेलर मदद करता है।
संयुक्त इनहेलर: इसमें ब्रोंकोडाइलेटर और कार्डिकोस्टेरॉइड नामक दवा होती है, जो बच्चों में गंभीर अस्थमा के लक्षणों को बढ़ने से रोकती है।
मीटर्ड डोज इनहेलर: इसमें इनहेलर को बच्चे के मुँह में डालकर पंप किया जाता है। इसीलिए इसे अस्थमा पंप भी कहते हैं।
ड्राई पाउडर इनहेलर: अस्थमा की कुछ दवाओं के लिए बच्चे को ये इनहेलर दिया जाता है। इसमें पाउडर वाली कैप्सुल को डाला जाता है।
क्या इनहेलर के हैं कुछ दुष्परिणाम?
किसी-किसी मामले में इनहेलर के कुछ दुष्परिणाम नजर आ सकते हैं जैसे बच्चों में हल्की कंपकंपी या चिड़चिड़ापन होना। साथ ही बार-बार इनहेलर देने से बच्चे को थ्रश नामक संक्रमण, गला सूखने या फिर लार कम बनने की समस्या भी हो सकती है। अगर आपको अपने बच्चे में भी इस तरह की समस्या नजर आये तो तुरंत चिकित्सक से संपर्क करें।
बच्चों को गंभीर अस्थमा से बचाने के अन्य उपाय
सिर्फ इनहेलर या दवाईयां ही नहीं बल्कि कुछ और विशेष बातों का ध्यान रखने से भी बच्चों को गंभीर अस्थमा से बचाया जा सकता है, जैसे -
सफाई का विशेष ध्यान रखें
एलर्जी वाली चीजों से बच्चों को दूर रखें
धूल, मिट्टी और प्रदूषण से बच्चे को बचाएं
बच्चे को खेलने के लिए गंदे खिलौने न दें
बदलते मौसम में बच्चे का विशेष ख्याल रखें
बच्चों के खानपान का ध्यान रखें और उन्हें संतुलित भोजन दें
%20(1).png)
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें