इन 6 फूड्स से कंट्रोल करें बच्चों में उच्च रक्तचाप

 


हाई ब्लड प्रेशर की समस्या भारत में एक आम स्वास्थ्य समस्या बन गई है। मौजूदा समय में बुजुर्ग या युवा ही नहीं बल्कि बच्चे भी इसकी चपेट में आ रहे हैं। यह और भी चिंताजनक है क्योंकि बच्चों में उच्च रक्तचाप की वजह से स्ट्रोक और हार्ट अटैक जैसी कई अन्य बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। इसलिए इससे बचाव करना जरुरी है। अगर इस समस्या के पीछे के कारणों को जान लिया जाए तो इसे प्रबंधित करना आसान हो जाता है।

बच्चों में उच्च रक्तचाप के कारण क्या हैं?

एक बच्चे में हाई ब्लड प्रेशर की समस्या कई कारणों से हो सकती हैं जिनमें शामिल हैं:

  • मोटापा या अधिक वजन 
  • शारीरिक गतिविधियों की कमी
  • नमक का अत्यधिक सेवन 
  • किडनी संबंधित रोग
  • जन्मजात हृदय रोग
  • थायराइड रोग
  • मधुमेह
  • आनुवंशिक विकार (अगर पारिवारिक इतिहास रहा हो)
  • तनाव

जब उच्च रक्तचाप किसी बीमारी के कारण नहीं होता है, तो इसे प्राथमिक उच्च रक्तचाप कहा जाता है। प्राथमिक उच्च रक्तचाप वयस्कों में अधिक आम है और यह आमतौर पर मोटापे या उच्च रक्तचाप के पारिवारिक इतिहास से संबंधित होता है। छोटे बच्चों में हाई ब्लड प्रेशर की समस्या अक्सर किसी बीमारी जैसे किडनी की बीमारी आदि के कारण होती है। इसे सेकेंडरी हाइपरटेंशन कहा जाता है। इन जोखिम कारकों को नियंत्रित करके बच्चों में उच्च रक्तचाप की समस्या को रोका जा सकता है।

यूँ तो दवाओं से भी इस समस्या का इलाज संभव है लेकिन बेहतर परिणामों के लिए सबसे जरुरी है बच्चों को हेल्दी लाइफस्टाइल अपनाने के लिए प्रोत्साहित करना। जिसमें डाइट अहम भूमिका निभाती है। 

बच्चों के आहार में करें ये बदलाव:

आप जो बच्चे को खिलाते-पिलाते हैं, उसका सीधा असर बच्चे के ब्लड प्रेशर पर भी पड़ता है। एक स्वस्थ आहार बच्चों में हाई ब्लड प्रेशर की समस्या को कम करने में मदद कर सकता है। इसलिये आइये जानते है कुछ ऐसे ही 6 फूड्स के बारे में, जिन्हें नियमित दिनचर्या में शामिल करने से हाई ब्लड प्रेशर में बच्चों को काफी फायदा हो सकता है।

6 फूड्स जो ब्लड प्रेशर को कम करने में मदद करते हैं:

1. पत्तेदार सब्ज़ियां- शरीर को पर्याप्त मात्रा में पोटेशियम मिलने से किडनी शरीर से मूत्र के माध्यम से अधिक सोडियम निकालने में मदद करता है। इससे बच्चों में उच्च रक्तचाप कम किया जा सकता है। इसलिए बच्चों के आहार में पत्तेदार सब्ज़ियां जैसे- गोभी, शलजम साग, पालक, सलाद आदि को शामिल करना चाहिए।

2. बेरीज- बेरीज का सेवन उच्च रक्तचाप को कम करने में मदद कर सकता है। इसके लिए ब्लूबेरी, रासबेरी और स्ट्रॉबेरी को बच्चे के आहार में शामिल जरूर करना चाहिए।

3. केला: ब्लड प्रेशर की समस्या में ऐसे फूड्स खाना बेहतर हो सकता है, जिनमें पोटैशियम की मात्रा अधिक हो। इसके लिए नॉन वेज खाने वाले लोग अपने बच्चों को नाश्ते में उबले अंडे के साथ केला दे सकते हैं। वहीं वेज खाने वाले लोग केले को अनाज के साथ बच्चे को दे सकते हैं। 

4. डार्क चॉकलेट: डार्क चॉकलेट में 60 प्रतिशत से अधिक कोको ठोस होता है और इसमें नियमित चॉकलेट की तुलना में कम चीनी होती है। एक अध्ययन में पाया गया कि1 इसे खाने से हाइपरटेंशन सहित कार्डियोवैस्कुलर रोगों का भी जोखिम कम हो सकता है। आप दही में डार्क चॉकलेट मिला सकते हैं या इन फलों के साथ खा सकते हैं, जैसे स्ट्रॉबेरी, ब्लूबेरी या रासबेरी।

5. गार्लिक एवं हर्ब्स: लहसुन शरीर में नाइट्रिक ऑक्साइड की मात्रा बढ़ाता है। नाइट्रिक ऑक्साइड बच्चों में उच्च रक्तचाप को कम करने के लिए वासोडायलेशन या धमनियों को चौड़ा करने में मदद करता है। इसलिए हर माता-पिता को अपने बच्चे के दैनिक आहार में इसे शामिल जरूर करना चाहिए। इसके साथ ही कुछ हर्ब्स और मसाले जैसे- तुलसी, दालचीनी, अजवायन, आदि भी ब्लड प्रेशर को कम करने में मदद करते हैं। इन चीज़ों को भी आप बच्चों को खिला सकते हैं।

6. ओटमील: बच्चों में उच्च रक्तचाप को कम करने के लिए उच्च फाइबर, कम वसा और कम सोडियम वाले आहार में ओटमील एक अच्छा विकल्प है। इसे नाश्ते में शामिल करने से न सिर्फ बच्चे का बीपी सामान्य रहेगा बल्कि वह दिन भर एनर्जेटिक भी महसूस करेगा।

इन कुछ चीजों को डाइट में शामिल कर बच्चों में उच्च रक्तचाप की समस्या को बढ़ने से रोका जा सकता है और ये बच्चे को स्वस्थ जीवन जीने में मदद करेगा। 

“सही खानपान से बढ़ाएं बच्चों में प्रतिरोधक शक्ति, तभी दिला पाएंगे उसे बीमारियों से मुक्ति”

Reference: Kwok, C.S. et al. Habitual chocolate consumption and risk of cardiovascular disease among healthy men and women, Heart. BMJ Publishing Group Ltd and British Cardiovascular Society. Available at: https://heart.bmj.com/content/101/16/1279 

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

जानिए पुरुषों में प्रोस्टेट क्यों बढ़ता है?

डेंगू का उपचार नहीं है मुश्किल! प्लेटलेट काउंट बढ़ाने के लिए खाएं ये 5 फल

लिवर को स्वस्थ रखने के लिए शामिल करें संतुलित आहार में ये 5 चीज़ें